BREAKING : कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बारवे ने साथी महिला सांसद प्रतिभा धानोरकर को मारा थप्पड़! वीडियो वायरल, दोनों नेताओं ने बताया मजाक
महाराष्ट्र में कांग्रेस के दो सांसदों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बारवे अपनी ही पार्टी की महिला सांसद प्रतिभा धानोरकर को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो 1 नवंबर को दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ आयोजित विपक्ष की विरोध रैली का बताया जा रहा है, जो बुधवार को सामने आया।वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस मामले में दोनों सांसदों ने किसी तरह के विवाद से इनकार किया है। श्यामकुमार बारवे और प्रतिभा धानोरकर ने घटना को आपसी मजाक बताया है। उनका कहना है कि उस समय सभी नेता हंसी-मजाक कर रहे थे और थप्पड़ मारने की घटना भी इसी दौरान हुई थी।
10 सेकेंड के वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो करीब 10 सेकेंड का है। इसमें चंद्रपुर से कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर एक बस के अंदर सांसद वर्षा गायकवाड़ के पास बैठी दिखाई दे रही हैं। उनके आसपास पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद हैं।वीडियो की शुरुआत में प्रतिभा धानोरकर मुस्कुराती हुई नजर आती हैं। इसी दौरान उनके पास खड़े रामटेक से कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बारवे उनके गाल पर हल्का थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।थप्पड़ लगने के बाद प्रतिभा धानोरकर अचानक चौंक जाती हैं और कुछ असहज नजर आती हैं। इसके बाद वह अपनी आंख के नीचे हाथ फेरती दिखाई देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
बारवे बोले- प्रतिभा धानोरकर मेरी छोटी बहन जैसी हैं
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस सांसद श्यामकुमार बारवे ने बुधवार को मीडिया के सामने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा धानोरकर उनकी छोटी बहन जैसी हैं और दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं है।बारवे ने कहा कि उस समय सभी लोग आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। उन्होंने इस घटना को सामान्य मजाक बताते हुए कहा कि विरोध रैली को बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो को गलत तरीके से फैलाया जा रहा है।
उन्होंने साफ कहा कि इस घटना को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। बारवे ने नागपुर में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी नेतृत्व को भेजे गए कथित ईमेल को भी फर्जी बताया। इस ईमेल में घटना को लेकर शिकायत किए जाने की बात कही गई थी।
प्रतिभा धानोरकर ने भी बताई मजाक की वजह
दूसरी तरफ सांसद प्रतिभा धानोरकर ने भी इस घटना को ज्यादा तूल नहीं दिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उस समय वह और कुछ अन्य महिला नेता श्यामकुमार बारवे की वैवाहिक स्थिति को लेकर मजाक कर रही थीं।इसी बातचीत के दौरान बारवे ने उन्हें मजाक में थप्पड़ मारा था। धानोरकर के मुताबिक, यह सब आपसी हंसी-मजाक के बीच हुआ था।दोनों सांसदों की सफाई के बाद इस मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की गई है। हालांकि, वीडियो में थप्पड़ के बाद प्रतिभा धानोरकर की प्रतिक्रिया को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।
1 नवंबर को दिल्ली में INDIA गठबंधन ने किया था प्रदर्शन
दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी गठबंधन INDIA की विरोध रैली के दौरान हुआ था। इस रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन किया था।
रैली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। इसके अलावा फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले सहित INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं ने भी हिस्सा लिया था।
इस दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। रैली में कुल आठ नेताओं ने भाषण दिया था।
अब इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान बस के अंदर हुई थप्पड़ मारने की घटना का वीडियो वायरल होने से कांग्रेस के दो सांसद चर्चा में आ गए हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने इसे राजनीतिक विवाद मानने से इनकार करते हुए आपसी मजाक बताया है।