BREAKING : मुंबई लोकल में दरिंदगी: छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचले ने युवती को चलती ट्रेन से दिया धक्का; चपेट में आने से कटा हाथ, सिर में लगे 16 टांके
मुंबई की लोकल ट्रेन में एक 20 वर्षीय युवती के साथ बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने उसे नायगांव स्टेशन के पास धक्का दे दिया। हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के पास से कट गया, जबकि सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे 16 टांके लगाने पड़े। पुलिस ने मामले में आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया है।घटना 4 नवंबर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवती गोरेगांव से लोकल ट्रेन में सवार होकर नायगांव जा रही थी। इसी दौरान आरोपी पर उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का आरोप है। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता ने सुनाई आपबीती, बोली- मेरी जिंदगी खराब हो गई
घटना के बाद पीड़िता ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वह गोरेगांव से ट्रेन में बैठी थी और उसे नायगांव उतरना था। सफर के दौरान कुछ लोग उसके साथ गलत हरकत कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और चप्पल से भी हमला किया।
पीड़िता के मुताबिक, उसने आरोपियों से सवाल किया कि क्या उनके घर में मां-बहन नहीं हैं, इसके बावजूद वे उसे परेशान करते रहे। इसी विवाद के बीच उसे धक्का दे दिया गया।युवती ने कहा कि हादसे ने उसकी जिंदगी बदल दी है। वह अपने घर की जिम्मेदारियां संभालती थी, लेकिन अब गंभीर चोटों के कारण उसके सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। पीड़िता ने भावुक होकर कहा कि उसे सिर्फ न्याय चाहिए।
परिवार ने पुलिस जांच और धाराओं पर उठाए सवाल
इस मामले में पीड़िता के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 क्यों नहीं लगाई गई।इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारियों ने रेलवे पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक से मुलाकात की। परिवार की मांग है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसके खिलाफ BNS की धारा 74, 117 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। परिवार की आपत्तियों के बाद रेलवे पुलिस ने जांच के आधार पर जरूरी धाराएं जोड़ने का आश्वासन दिया है।