×

Breaking : गुवाहाटी में हैवानियत, शादी के कुछ ही महीनों बाद पति ने पत्नी का सिर काटा, फ्रिज में छिपाया

 

श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड जैसी सनसनीखेज वारदात ने असम की राजधानी गुवाहाटी में भी दहशत फैला दी है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े करने और सिर को फ्रिज में छिपाने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम 25 वर्षीय रिया तालुकदार बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और वे गुवाहाटी के हाटीगांव थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहे थे।

फ्लैट से आने लगी थी तेज बदबू

स्थानीय लोगों को पिछले कुछ दिनों से फ्लैट से तेज बदबू आ रही थी। इसके अलावा पति-पत्नी दोनों करीब दो दिनों से नजर नहीं आए थे और उनके मोबाइल फोन भी बंद थे। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने हाटीगांव पुलिस को इसकी सूचना दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। महिला की पहचान रिया तालुकदार के रूप में की गई।

पुलिस के अनुसार, शव का सिर गायब था और उसकी उंगलियां भी आधी कटी हुई थीं। शव से दुर्गंध आने लगी थी। पूरे फ्लैट की तलाशी लेने पर पुलिस को फ्रिज के अंदर एक पॉलिथीन बैग मिला, जिसमें महिला का सिर रखा हुआ था।

आरोपी पति ने किया सरेंडर

पुलिस ने शव और सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच आरोपी पति रामानुज गोस्वामी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात कब और किस परिस्थिति में हुई और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।