BREAKING:Bihar Accident: लखीसराय में स्कॉर्पियो और ट्रक की भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 3 गंभीर घायल
बिहार के लखीसराय में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तेतरहाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित किया
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और सभी पीड़ितों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में स्कॉर्पियो चालक समेत दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, तीन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक घायल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोतिहारी का रहने वाला बताया जा रहा परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह उनकी गाड़ी लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान गुनसागर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घायलों के इलाज और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है।