☰
×

BREAKING : बिहार के मंत्री संजय टाइगर के घर बड़ी चोरी, 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख नकदी लेकर फरार हुए चोर

 

बिहार की राजधानी पटना में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र की एजी कॉलोनी स्थित बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के आवास को चोरों ने निशाना बनाया। मकान नंबर B-20 में हुई इस घटना में लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। मंत्री संजय टाइगर और उनके भाई छठ पर्व मनाने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने खाली मकान का फायदा उठाकर चोरी की।

सुबह 8 से 9 बजे के बीच पुलिस को मिली सूचना

चोरी की जानकारी मिलने के बाद सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस टावर डंप के जरिए भी जांच कर रही है, ताकि वारदात के समय इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी हासिल की जा सके।

घर से 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख रुपये चोरी

परिजनों की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, चोर घर से करीब 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है।

पहले रेकी करने की आशंका, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, मंत्री का मकान स्टैंड-अलोन होने के कारण आसपास लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी। शुरुआती आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले घर और आसपास के इलाके की रेकी की होगी। इसके बाद मौका देखकर चोरी को अंजाम दिया गया।

फिलहाल पुलिस आसपास के हालात, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।