BREAKING : Arunachal Border Attack: भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादी हमला, असम राइफल्स का 1 जवान शहीद, 4 घायल
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर हमला हुआ। इस हमले में असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल बताए जा रहे हैं। घटना नामपोंग सर्कल के पास नामपोंग नाला इलाके में सुबह करीब 6:30 बजे हुई।बताया जा रहा है कि 21 असम राइफल्स की टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी की जान चली गई। चार अन्य जवानों को चोटें आई हैं।
NSCN-K-YA पर हमले का शक
प्रारंभिक जानकारी और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस हमले के पीछे नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-खापलांग के युंग आंग गुट यानी NSCN-K-YA के कैडरों का हाथ होने का संदेह है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।हमला उस इलाके में हुआ, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि हमलावरों का पता लगाया जा सके।
सीमा इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-म्यांमार सीमा से लगे इलाकों में निगरानी और सुरक्षा बढ़ा दी है। जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।चांगलांग का यह इलाका पहले भी उग्रवादी गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है। इस साल मार्च में भी इसी जिले में NSCN-K-YA से जुड़े हमले में असम राइफल्स के जवानों के मारे जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।फिलहाल सुरक्षा बलों का अभियान जारी है और हमले से जुड़ी बाकी जानकारी जुटाई जा रही है।