×

बॉर्डर इलाके में बाड़ लगाने के फैसले से पश्चिम बंगाल ही नहीं, देश की सुरक्षा भी मजबूत होगी : निसिथ प्रमाणिक

 

कोलकाता, 12 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई भाजपा सरकार के गठन के साथ ही राज्य में तेजी से फैसले लिए जा रहे हैं। नई सरकार के गठन के महज तीन दिन बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सीमा सुरक्षा को मजबूत करने वाला बड़ा फैसला लिया है। पश्चिम बंगाल सरकार के नवनियुक्त मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने मंगलवार को इस फैसले की तारीफ की।

निसिथ प्रमाणिक ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, "मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि 45 दिनों के अंदर जितने भी बिना बाड़ वाले क्षेत्र हैं, वहां जमीन अधिग्रहण कर केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी। इस फैसले से पूरे पश्चिम बंगाल और देशभर के लोग खुश हैं क्योंकि इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।"

निसिथ प्रमाणिक ने तमिलनाडु विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "स्टालिन को उखाड़कर फेंकना चाहिए। जिस तरह उनके राज्य में लोगों ने उनके खिलाफ भारी मतदान किया, उससे साफ है कि उनका समय अब समाप्त होने वाला है। जो व्यक्ति सनातन धर्म के खिलाफ बोलता है, उसे भारत में कोई जगह नहीं मिलनी चाहिए। भारत सनातनियों की भूमि है। सनातन धर्म सम्मान सिखाता है, लेकिन जो हमारा सम्मान नहीं करता, उसके साथ क्या करना चाहिए, यह भी हम जानते हैं।"

इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने नई सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन आवंटन से जुड़े मुद्दे पहले भी विवादास्पद रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस पर जोरदार विरोध किया था और वे जमीन देने को तैयार नहीं थे।"

विपक्ष के नेता ने मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) पर भी सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि मतदाता सूची से लगभग 35 लाख नाम हटा दिए गए, जिसे कानूनी रूप से चुनौती दी गई है। चट्टोपाध्याय ने चुनाव आयोग में काम कर चुके अधिकारियों को बाद में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाया।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम