'बूथ जीता तो चुनाव जीता', 2027 की जीत का मंत्र देकर कार्यकर्ताओं में जोश भर गए धर्मपाल सिंह
लखनऊ, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को बूथ स्तर तक तेज करने का संकेत देते हुए संगठन को 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' के मंत्र पर काम करने का आह्वान किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2027 का चुनाव बूथ केंद्रित रणनीति के आधार पर लड़ा जाएगा और प्रत्येक बूथ को भाजपा की जीत का अभेद्य दुर्ग बनाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को अमरोहा में मुरादाबाद मंडल के अमरोहा, बिजनौर, संभल, रामपुर और मुरादाबाद के जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संवाद बैठकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी रणनीति का केंद्र बूथ होगा। मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्ष के बीच बेहतर समन्वय, नियमित संवाद और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। मतदाताओं से लगातार संपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के जरिए ऐसा मजबूत बूथ नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे विपक्ष की रणनीति विफल हो और भाजपा को विजय मिले।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि शक्ति केंद्र बूथ और मंडल के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। संगठन की प्रत्येक इकाई को सक्रिय बनाते हुए वरिष्ठ नेताओं, निवर्तमान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बैठक में डायरी के साथ उपस्थित होने, बूथ स्तर की गतिविधियों का नियमित अभिलेखीकरण करने तथा समीक्षा और फॉलोअप की कार्य संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को उसकी क्षमता, योग्यता और अनुभव के अनुरूप जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। संगठन की हर कार्ययोजना का केंद्र बूथ होना चाहिए, क्योंकि मजबूत बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत और चुनावी जीत की आधारशिला है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच लड़ेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जातीय विभाजन, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा, जिसका जवाब भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों और प्रमाणों के साथ देंगे।
अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर का लोककल्याणकारी दर्शन भाजपा की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अनुसूचित वर्ग की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकारों की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ गरीब, वंचित, पिछड़े और अनुसूचित वर्ग के लोगों को मिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन की विचारधारा को तुलनात्मक एवं तथ्यात्मक सामग्री के साथ घर-घर तक पहुंचाने तथा प्रत्येक वर्ग के लोगों से व्यापक जनसंपर्क करने का आह्वान किया।
--आईएएनएस
विकेटी/एएसएच