×

बॉम्बे हाईकोर्ट के जज से साइबर ठगी करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई की कफ परेड पुलिस ने बॉम्बे हाईकोर्ट के जज के साथ साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, सुनियोजित तरीके से क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स घोटाले के जरिए लगभग 6.02 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में यह गिरफ्तारी हुई है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मजहर आलम इसराइल मियां के रूप में हुई है, जो झारखंड के जामताड़ा का रहने वाला है। कफ परेड पुलिस ने जामताड़ा साइबर सेल और करमाटांड़ पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं के अनुसार, इसराइल मियां कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि वह कथित तौर पर 10 राज्यों में दर्ज कम से कम 36 मामलों से जुड़ा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 28 फरवरी को शुरू हुई जब जज ने अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने के लिए बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की। आधिकारिक हेल्पलाइन व्यस्त होने के कारण उन्होंने इंटरनेट का सहारा लिया, जो उनके लिए महंगा साबित हुआ। उन्हें जो नंबर मिला, वह साइबर अपराधियों की ओर से लगाया गया एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर था।

पुलिस ने बताया जब आप इस तरह के नंबर डायल करते हैं तो साइबर ठगों की ओर से आपको एक एपीके फाइल भेजी जाती है। उस नंबर पर कॉल करने के बाद, जज को 18एमबी का एक एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए व्हाट्सअप लिंक मिला। जब फाइल उनके आईफोन पर नहीं खुली, तो ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर बात कर रहे ठगो ने उन्हें इसके बजाय एंड्रॉइड डिवाइस का उपयोग करने की सलाह दी।

निर्देशों पर भरोसा करते हुए उन्होंने अपना सिम कार्ड अपनी हाउस हेल्प के एंड्रॉइड फोन में डाला और एप्लिकेशन डाउनलोड कर लिया। उन्होंने जैसे ही एप्लीकेशन में अपने क्रेडिट कार्ड डिटेल्स डाले, ताकि क्रेडिट पॉइंट रिडीम हो सके, उनके क्रेडिट कार्ड से 6 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए गए।

धोखाधड़ी के बारे में पता चलते ही तुरंत जज की ओर से मुंबई पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और लगभग 10 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

--आईएएनएस

डीसीएच/