मुंबई कोस्टल रोड पर 75 फीट नीचे गिरी BMW, फुटेज में देंखे 3 छात्रों की मौत; एक गंभीर
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों युवकों की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। रविवार सुबह करीब 5:20 बजे तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद BMW डिवाइडर से टकराई और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी।
अस्पताल ले जाने पर तीन की मौत
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। कार में सवार चारों युवकों को इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक आदित्य का नायर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शनाय और धैर्य समेत अन्य के रूप में की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों छात्र थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे।
अहमदाबाद का रहने वाला था शनाय
पुलिस के मुताबिक, शनाय मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में पीजी में रह रहा था। जिस BMW से हादसा हुआ, वह उसके परिवार की बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और दुर्घटना से पहले वाहन की रफ्तार कितनी थी।CCTV फुटेज के आधार पर भी पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
करीब 11 किलोमीटर लंबा है कोस्टल रोड
मुंबई कोस्टल रोड करीब 11 किलोमीटर लंबी हाई स्पीड सड़क है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही तेज गति से होती है। हाई स्पीड सड़कों पर अधिकतम गति सीमा सड़क और निर्धारित नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। घायल युवक से पूछताछ और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।