बीएमसी मेयर रितु तावड़े ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, सौगत रॉय बोले- हम चाहते हैं कि सीईसी इस्तीफा दें
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर बीएमसी की मेयर रितु तावड़े ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। वहीं, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर बड़ी बात कही है।
बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (बीएमसी) की मेयर रितु तावड़े ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "मैं आज इस मंच के जरिए राहुल गांधी के बारे में बात करना चाहती हूं। जनता ने उन्हें नकार दिया है। पहले उन्होंने ईवीएम का मुद्दा उठाया और फिर चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया। सुप्रीम कोर्ट ने उनसे माफी भी मंगवाई। इसके बाद अब उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का मुद्दा उठाया है। राहुल गांधी की ओर से फेक नैरेटिव का विरोध हम करते रहेंगे।"
ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने कहा, "कल चुनाव आयोग को लेकर देशभर में चर्चा हुई थी और विवाद बढ़ने के बाद सुवेंदु अधिकारी और भाजपा नेता अब मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का बचाव करने के लिए मैदान में उतर आए हैं। हम सीईसी को स्वीकार नहीं करते। हम चाहते हैं कि सीईसी इस्तीफा दें। हमारा मानना है कि एसआईआर के मामले में चुनाव आयोग का गलत इस्तेमाल किया गया।"
तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कहा, "इस देश के नागरिकों से वोट देने का लोकतांत्रिक और बुनियादी अधिकार छीना जा रहा है। इस अधिकार के लिए संघर्ष किया गया है, इस पर चर्चा हुई है और इसे साबित भी किया गया है। चुनाव आयोग, जिसे लोगों के बीच यह छवि बनानी चाहिए कि वह एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और स्वायत्त संस्था के तौर पर काम कर रहा है, उसे वोटरों का भरोसा भी जीतना चाहिए लेकिन अफसोस की बात है कि एसआईआर के नाम पर इस देश में करोड़ों लोग अपना वोट देने का अधिकार खो रहे हैं।"
शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त के बारे में अब और क्या बताना रह गया है? हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में जब तृणमूल कांग्रेस का केस चल रहा था, तो उन्होंने कहा कि इसका निर्णय तुरंत कीजिए। आपने शिवसेना के साथ क्या बर्ताव किया, वह हम अनुभव कर रहे हैं। हमारा चुनाव चिह्न लेकर हमारा नाम लेकर बेच दिया। 2 करोड़ लोगों के नाम कटवा दिए, बंगाल में पूरी मिलिट्री लगा दी। न पुलिस को अधिकार, न किसी को अधिकार, जो कुछ कहेंगे, ज्ञानेश कुमार कहेंगे। 4 हजार ईवीएम जलकर खाक हुईं, तब क्या आप लोगों ने आवाज उठाई?"
--आईएएनएस
एसडी/वीसी