×

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सुवेंदु अधिकारी को बंगाल का सीएम बनने पर दी बधाई

 

कोलकाता, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। उन्हें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बंगाल का सीएम बनने पर बधाई दी है।

कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज बहुत खुशी और आनंद का दिन है। यह न केवल भारतीय जनता पार्टी की जीत है, बल्कि भारत की जीत है। पश्चिम बंगाल भारत की सुरक्षा और विकास के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण राज्य है।

फडणवीस ने कहा कि भारत के विकास की दृष्टि से भी बंगाल अहम राज्य है। पीएम मोदी के नेतृत्व में सुवेंदु अधिकारी की सरकार बनी है, हम लोग खुश हैं। बंगाल श्यामा प्रसाद मुखर्जी का है, नेताजी सुभाषचंद बोस का बंगाल है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनना सभी कार्यकर्ताओं के लिए भाव विभोर का विषय है, मैं अपनी ओर से सुवेंदु अधिकारी को बधाई देता हूं।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा पश्चिम बंगाल की धरती पर राष्ट्रवाद का नया सूर्योदय। पश्चिम बंगाल की पुण्यभूमि आज एक नए सूर्योदय की साक्षी बनी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उमड़ा ऐतिहासिक जनसैलाब राज्य में विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के प्रति जनता के अटूट विश्वास की गवाही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन्होंने नतमस्तक होकर पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया। इस ऐतिहासिक पल का सबसे भावुक क्षण वह था, जब प्रधानमंत्री इन्होंने संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार इनके चरण स्पर्श कर उन्हें गले से लगाया और सम्मानित किया। राष्ट्र सेवा में समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग और दशकों के संघर्ष का ही प्रतिफल है कि आज बंगाल की माटी में 'कमल' पूरे वैभव के साथ खिला है। यह आत्मीय दृश्य हर कार्यकर्ता को प्रेरणा और ऊर्जा देने वाला है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बंगाल में एक ऐतिहासिक जीत हुई है। यहां लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा जताया है, और डर तथा भ्रम दूर हो गया है। पीएम मोदी ने लोगों का भरोसा जीता है। यहां जो गुंडाराज, आतंक और 'जंगल राज' था, उसे लोगों ने नकार दिया है। प्रगति और विकास को अपनाते हुए, पूरे बंगाल में एक 'भगवा लहर' छा रही है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को बधाई देना चाहूंगा। मैं बंगाल की जनता का भी आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने पहली बार यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता में लाया। मैं हमारे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को बधाई देता हूं, क्योंकि पहली बार बंगाल में भाजपा की सरकार और जनता की सरकार बनी है। निश्चित रूप से, यह 'डबल-इंजन' वाली भाजपा सरकार यहां की जनता के कल्याण के लिए काम करेगी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज आखिरकार पीएम मोदी ने पूरा कर दिया है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बंगाल के लोग लंबे समय से डर, धमकियों, भ्रष्टाचार और अत्याचारों से पीड़ित रहे हैं। यह मजबूत जनादेश इसके प्रति जनता के गुस्से को दर्शाता है। इसने भारतीय जनता पार्टी को काफी मजबूती दी है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप एक सरकार का गठन हुआ है। यह एक ऐसी सरकार है जो बंगाल को विकास के पथ पर आगे ले जाएगी। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि अगले पांच साल बंगाल के लिए एक स्वर्णिम काल साबित होंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी को शपथ ग्रहण करने पर शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल प्रगति, सुशासन और समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। साथ ही पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचेगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम