×

भाजपा सांसदों ने छात्रों को दिलाया भरोसा, कहां- 'नीट धांधली पर बनेगा सख्त कानून, फास्ट ट्रैक कोर्ट से मिलेगी सजा'

 

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसदों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रही है। पीएम मोदी ने मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित सुनवाई और अपराधियों को कठोर सजा दिलाने के लिए नया एवं सख्त कानून लाने की घोषणा की है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद से ही निकलता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर चर्चा और सुधार जरूरी हैं। उन्होंने विवाद के बजाय संवाद पर जोर दिया।

भाजपा सांसद गणेश सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अनुरोध पर सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त की। वांगचुक के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में चर्चा के बाद जल्द ही सख्त कानून का मसौदा तैयार किया जाएगा और इसे संसद में पेश किया जाएगा। उनके मुताबिक, सरकार की सक्रियता को देखते हुए अब आंदोलन की आवश्यकता नहीं रहनी चाहिए।

भाजपा सांसद पीपी चौधरी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नीट मामले को गंभीरता से लेते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। सरकार जल्द ही ऐसा कानून लाने जा रही है, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

भाजपा सांसद मयंक नायक ने भी कहा कि सरकार ने छात्रों के हित में ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया है, जिसके बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के दोषियों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट के जरिए जल्द सजा दिलाई जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने का साहस न कर सके। उन्होंने युवाओं से सरकार के निर्णयों पर भरोसा रखने की अपील भी की।

वहीं, भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और भविष्य में नीट परीक्षा प्रक्रिया को डिजिटल और अधिक सुरक्षित बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को और मजबूत बनाने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संसद में व्यापक चर्चा की आवश्यकता है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम