राकेश त्रिपाठी का सपा प्रमुख पर हमला, बोले-अखिलेश यादव का पीडीए सिर्फ परिवार तक सीमित
लखनऊ, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने लैपटॉप, पीडीए और वोटर-लिस्ट में गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पीडीए का दावा खोखला साबित हो रहा है।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि जनता पहले से ही जानती है कि पीडीए की असलियत क्या है और इसका असली मतलब क्या है। कैसे 'किसी और की संपत्ति को अपनी संपत्ति' मान लिया जाता है, कैसे यह असल में 'परिवार विकास प्राधिकरण' है और कैसे इस पीडीए परिवार में सिर्फ डिंपल और अखिलेश ही हैं।"
भाजपा नेता ने कहा कि अखिलेश यादव ने भेदभाव करते हुए सेलेक्टिव छात्रों को लैपटॉप दिया था। उन लैपटॉप के जरिए लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी को प्रचार किया था। सीएम योगी ने कहा है कि दो करोड़ छात्रों को लैपटॉप देंगे, हमने अपना काम पूरा किया है। ये छात्रों की पढ़ाई में सहयोगी साबित हो रहे हैं। छात्र भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। सपा की आदत भ्रम फैलाना है।
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी द्वारा नेहा बोरा की तारीफ किए जाने पर भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अपने ही खेमे में नेता तैयार नहीं कर पाती। वे वामपंथियों से नेता उधार लेती हैं और उनमें भी सबसे जरूरी शर्त यह होती है कि वे राष्ट्र-विरोधी होने चाहिए। जो लोग 'इंशाअल्लाह, भारत के टुकड़े-टुकड़े होंगे' जैसे नारे लगाते हैं, उन्हें ये लोग अपनी आंखों का तारा कैसे बना लेते हैं? इन्होंने नेहा बोरा को—जो बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में लोकतंत्र को कुचलने की वकालत करती है,आज अपनी 'पोस्टर गर्ल' कैसे बना लिया है? ये लोग ऐसे राष्ट्र विरोधी और समाज विरोधी तत्वों को अपनी पार्टी में नेता क्यों बनाते हैं?"
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी