☰
×

भाजपा नेताओं का सपा पर तंज, कहा- 'पीडीए सिर्फ नारा बनकर रह गया, यूपी की जनता इसे गंभीरता से नहीं लेती'

 

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के पीडीए समीकरण और दलित सम्मेलन को लेकर भाजपा के मंत्रियों ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पीडीए की विचारधारा को अप्रासंगिक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब अखिलेश यादव के पीडीए को गंभीरता से नहीं लेती। वहीं, मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर दलितों के अधिकारों और सम्मान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। इसके अलावा, मंत्री दया शंकर सिंह ने भी अखिलेश यादव के पीडीए गठबंधन पर सवाल उठाए।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले समाजवाद की मूल भावना को खत्म किया और फिर पीडीए की परिभाषा लगातार बदलकर उसके महत्व को भी समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव के पीडीए को गंभीरता से नहीं ले रही है।

सपा के बैनर तले आयोजित दलित सम्मेलन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और दलित सम्मेलन एक-दूसरे के विपरीत हैं। उनके अनुसार, जिस पार्टी पर बसपा प्रमुख मायावती पर जानलेवा हमला कराने, दलित महापुरुषों के नाम पर रखे गए जिलों के नाम बदलने और संसद में एससी/एसटी के लिए पदोन्नति में आरक्षण का विरोध करने के आरोप लगते रहे हैं, उसके बैनर तले दलित सम्मेलन आयोजित करना उचित नहीं है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह दोनों दलों का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।

मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन को लेकर आरोप लगाया कि इसमें बड़ी संख्या में यादव समुदाय के लोगों को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि करीब 20 जिलों से यादव इस रैली में पहुंचे थे। उनके संगठन के कार्यकर्ता भी आगरा में आयोजित कार्यक्रम की स्थिति देखने गए थे। वहां पीछे खड़े कुछ लोगों से पूछने पर उन्होंने खुद को यादव बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह दलितों की रैली नहीं है, तो उन्होंने कहा कि नेताजी का निर्देश है, इसलिए सभी को आना है।

राजभर ने रामगोपाल यादव के बयान का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इस सम्मेलन से समाजवादी पार्टी को कितना राजनीतिक फायदा मिलेगा।

ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने दलितों के हितों को नुकसान पहुंचाया और पदोन्नति में आरक्षण समाप्त किया। उन्होंने 2 जून की गेस्ट हाउस घटना का जिक्र करते हुए सपा पर मायावती के खिलाफ हिंसक हमले की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय यदि भाजपा के लोग वहां मौजूद नहीं होते, तो मायावती की जान को खतरा हो सकता था।

भारत समिट में राहुल गांधी के साथ मौजूद यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक द्वारा लगाए गए 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे पर भी ओपी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान भारत और उसकी संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाते हैं। उन्होंने इटली से जुड़े राहुल गांधी के पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए तंज कसा और कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

मंत्री दया शंकर सिंह ने असदुद्दीन ओवैसी को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी के इतिहास को याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का गठन कांग्रेस के विरोध में हुआ था। मुलायम सिंह यादव लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले नेता थे। कांग्रेस सरकार ने उन्हें जेल में डाला, प्रताड़ित किया और उन पर लाठियां चलवाईं। इसी संघर्ष के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी।

वहीं, अखिलेश यादव के पीडीए गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए दया शंकर सिंह ने कहा कि इस गठबंधन को लेकर लोग इसलिए चिंतित हैं, क्योंकि इसमें दलित और अल्पसंख्यक समुदायों की बात की जाती है, लेकिन वास्तव में इसका उद्देश्य एक परिवार को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्य तो सुरक्षित हैं, जबकि बाकी राजनीतिक सहयोगी धीरे-धीरे साथ छोड़ चुके हैं।

--आईएएनएस

एसएके/एएस