भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा, 'युद्ध जीतने के लिए कुछ भी करो'
कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने चुनाव को युद्ध से जोड़ते हुए कहा कि युद्ध जीतने के लिए कुछ भी करो। ममता बनर्जी की सरकार को हराने के लिए कुछ भी करके जीतना होगा।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि अगर वे हम पर ईंट फेंकेंगे, तो हम उसका जवाब देंगे। पत्थर से मारेंगे या किसी और चीज से, उन्हें समझ आ जाएगा। हमारा संदेश साफ है कि जंग जीतने के लिए कुछ भी करो, कुछ भी। ममता सरकार को हटाने के लिए हमें कुछ भी करना होगा। क्योंकि ममता सरकार चुनाव नहीं लड़ रही है, वह तो लूटने की कोशिश कर रही है। इसके लिए हमें सबको इकट्ठा करना होगा, जनता को इकट्ठा करना होगा, जनता को आगे लाना होगा और यह चुनाव जीतना होगा।
भाजपा नेता और प्रत्याशी शुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सभी पार्टियां चुनाव लड़ने के लिए लड़ रही हैं। सीपीआई भी जीतने के लिए लड़ रही है। इसमें क्या दिक्कत है। उन्हें बोलने दीजिए। ममता बनर्जी ने खुद 50,000 वोटों से जीतने का दावा किया है। लेकिन, 2020 से लगातार भाजपा का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। हिन्दुओं के गांव में आप जाएंगे तो चारों तरफ कमल ही खिलता हुआ नजर आएगा।
रामनवमी को लेकर भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि हमने पिछले 4-5 सालों में देखा है कि ममता बनर्जी जो कहती हैं, वही होता है। ममता बनर्जी के मुंह से 'दंगा' शब्द निकलता है और फिर रामनवमी से पहले और रामनवमी के दिन हिंसा होती है। उनका मकसद अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट करना है, इसलिए उनके मुंह से हमें तुष्टिकरण की बातें सुनने को मिलती हैं। लेकिन, जनता इस बार उन्हें बाहर करने का मन बना चुकी है। अब जनता तुष्टिकरण की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।
हुमायूं कबीर के साथ ओवैसी के हाथ मिलाने पर भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और हुमायूं की पार्टी, सब एक ही हैं। असल में यह उनका 'प्लान बी' है। अगर प्लान ए सफल नहीं हुआ तो प्लान बी के तहत बंगाल की सत्ता में आना चाहते हैं।
भाजपा नेता ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अल्पसंख्यकों के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया है, लेकिन अल्पसंख्यकों को अपने साथ लेकर वे बार-बार चुनाव जीतती रही हैं। इस बार भी, अगर उनका 'प्लान ए' काम नहीं करता, तो वे 'प्लान बी' के जरिए ऐसा करेंगे, यही उनकी सोच है। लेकिन जनता जागरूक है, इस बार कोई प्लान नहीं चलने वाला है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम