×

भाजपा ने पुडुचेरी को केवल झूठ और जुमले दिए हैं: डॉली शर्मा

 

पुडुचेरी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने राहुल गांधी के पुडुचेरी आने को लेकर आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पुडुचेरी के लोग राहुल गांधी को सुनने के लिए काफी उत्साहित हैं। राहुल गांधी के लिए पुडुचेरी के लोगों का अलग ही लगाव है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कल पुडुचेरी के लिए मेनिफेस्टो जारी करेंगे।

भाजपा पर निशाना साधते हुए डॉली शर्मा ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में झूठ और जुमलों की बरसात है। पिछली बार भी भाजपा ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं। भाजपा दोबारा फेक मेनिफेस्टो लेकर आई है। उन्होंने कहा कि हमने जो कहा है, वो हम करते हैं। पुडुचेरी में जितना भी विकास हुआ है। वो कांग्रेस सरकार की वजह से है। भाजपा ने पुडुचेरी को केवल झूठ और जुमले दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लेकर यहां की जनता में जिस तरह का उत्साह है, वो किसी और नेता के लिए नहीं हो सकता। पीएम मोदी के रोडशो में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इन लोगों ने सड़कें बंद कर दीं। एंबुलेंस नहीं जा पा रही थीं। यातायात डिस्टर्ब कर दिया था। लोगों ने देखा कि ये सिर्फ अपने प्रचार में व्यस्त रहते हैं। पुडुचेरी की जनता के लिए इनके पास कोई स्कीम नहीं है।

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर डॉली शर्मा ने कहा कि अगर महिलाओं के लिए सीट बढ़ेगी तो हम इसका स्वागत करेंगे, लेकिन पहले इन्होंने एक स्पेशल सेशन बुलाकर कहा था कि हम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देंगे। हम लोग सोच रहे थे कि ये लोग लोकसभा चुनाव में महिलाओं को आरक्षण दे देंगे लेकिन कुछ नहीं दिया। अभी कई राज्यों में चुनाव हैं तो फिर से ये लोग महिलाओं को लुभाने के लिए बोल रहे हैं।

डॉली शर्मा ने कहा कि देश की महिलाओं को कांग्रेस पार्टी ने काफी कुछ दिया है। कांग्रेस की अध्यक्ष महिलाएं रही हैं। कांग्रेस पार्टी के शासन में स्पीकर महिलाएं रही हैं। कांग्रेस के शासन में पंचायतीराज में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। महिलाओं के बारे में वास्तव में कोई सोचता है तो वो कांग्रेस पार्टी सोचती है। महिलाओं को आगे आना चाहिए।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी