4 राज्यों में 6 सीटों पर वोटिंग के बीच बंगाल में विधायक गिरफ्तार, वीडियो में जाने नंदीग्राम कांग्रेस उम्मीदवार ने एजेंट्स को उठाने का लगाया आरोप
देश के चार राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मंगलवार को छह सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान के बीच पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ चुनाव में कथित अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद रेजीनगर सीट से उम्मीदवार हैं।
पार्टी कार्यालय से पुलिस ने किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने हुमायूं कबीर को मुर्शिदाबाद स्थित उनके पार्टी कार्यालय से हिरासत में लिया। मतदान के दौरान हुई कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों और कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी मतदान चल रहा है। इस सीट से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में मतदान के बीच पार्टी प्रमुख की गिरफ्तारी से इलाके में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार का आरोप
उधर, नंदीग्राम विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने मतदान के दौरान गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उनके पोलिंग एजेंट्स को कथित तौर पर जबरन उठाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपने एजेंट्स की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।मिलन प्रधान के आरोपों के बाद नंदीग्राम में मतदान केंद्रों की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीति बहस तेज हो गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव अधिकारियों और प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।
इन छह सीटों पर हो रहा मतदान
मंगलवार को जिन छह सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं।इन सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
9 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट
चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की इन छह सीटों पर हुए मतदान के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा।मतदान के दौरान सामने आ रहे आरोपों और पुलिस कार्रवाई पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। चुनाव आयोग की निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत, चुनावी शिकायतों और 9 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।