×

महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझती है भाजपा: सुप्रिया श्रीनेत

 

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषण की आलोचना की। उन्होंने पीएम मोदी के 'दिमागी नक्सल' वाली टिप्पणी पर सवाल उठाए और लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की गैरमौजूदगी का बचाव किया।

सुप्रिया श्रीनेत ने शनिवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी किसे 'दिमागी नक्सल' कह रहे हैं? क्या वह देश के युवाओं को 'दिमागी नक्सल' बता रहे हैं? वह देश के युवाओं के लिए आधी रात रील बनाते हैं। ऐसे में जब इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करते हैं, तब उन्हें जवाब देना होगा कि कौन हैं 'दिमागी नक्सल'?

उन्होंने कहा कि जिनकी डिग्री का पता नहीं है, जब वह यूनिवर्सिटी की बात करते हैं, तब हंसी आती है। प्रधानमंत्री एक ऐसे विश्वविद्यालय का नाम बताएं, जो उन्होंने आजाद भारत में बनवाया है और जिसके लिए वह याद किए जाएंगे। नेहरू ने तो एम्स से लेकर आईआईटी, इसरो, बार्क (बीएआरसी) जैसे संस्थानों की नींव रखी।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में महापुरुषों के कार्यों में नेहरू का नाम लेना पड़ा। यह बात वह अपने उन सांसदों को कह रहे हैं, जो पंडित नेहरू के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करते हैं।

उन्होंने कहा कि जो लोग देश के प्रथम प्रधानमंत्री के खिलाफ बातें करते हैं, वे देश का अपमान करते हैं। पंडित नेहरू देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उन्होंने अपनी जवानी के 10 वर्ष जेल में देश के लिए लड़ाई करते हुए बिताए थे। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उनकी बातें पहले उनके सांसदों को सुननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस देश की आजादी की लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने लड़ी। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने इस देश को एक रखने के लिए अपने परिवार की शहादत दी है। अगर लोकसभा में 533 सीटों पर पिछड़ी महिलाओं को आरक्षण दिया जाता है, तो हम आज उनका पूरा समर्थन करेंगे। भाजपा महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी