भाजपा को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में वोट देगी जनताः अशोक गहलोत
जयपुर 9, सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थानके पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने निकाय चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जनादेश कांग्रेस के पक्ष में होगा।
स्थानीय निकाय चुनावों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस बार जनता का मूड कांग्रेस को कामयाब करने का है। वर्तमान सरकार ने पिछले ढाई सालों में आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सरकार बनी थी और लोगों को उम्मीद थी कि वह काम करके नतीजे दिखाएगी। चाहे गांव हों या शहर, सभी जगह हालात गंभीर हैं। इसीलिए मुझे लगता है कि लोग सब कुछ समझ गए हैं और कांग्रेस के पक्ष में अपना जनादेश देंगे, जिससे भाजपा को सबक मिले।"
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रैली निकालने पर अशोक गहलोत ने कहा, "अभी रैली निकालने का कोई फायदा नहीं है। रैली निकालने के बजाय अगर आपने काम किया होता, तो रैली निकालने की जरूरत ही नहीं पड़ती।"
वहीं, अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट के माध्यम से भी भाजपा सरकार निशाना साधा है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "हिंदू धर्म को सिर्फ राजनीति और वोट बैंक का जरिया बनाने वाली भाजपा की असली प्राथमिकताएं अलवर में साफ दिख रही हैं। पांडुपोल और भर्तृहरि मेले में 14 से 19 सितंबर तक लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे, लेकिन नटनी का बारा मार्ग की 14.5 किमी सड़क डेढ़-दो फीट गहरे गड्ढों से पटी है। 88.14 करोड़ की परियोजना डेढ़ साल पहले शुरू हुई और मई 2026 में पूरी होनी थी, आज तक सिर्फ 25 फीसदी काम हुआ, छह पुल अधूरे और दो मार्गों पर काम शुरू ही नहीं हुआ। जिस भाजपा को मंच से हिंदू आस्था की दुहाई देते नहीं थकती, वही सरकार श्रद्धालुओं को कीचड़ और गड्ढों में धकेल रही है। सरकार मेले से पहले युद्धस्तर पर काम पूरा करवाकर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करे।"
बता दें कि राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण के लिए मतदान बुधवार को सुबह 7:00 बजे शुरू हुआ। पहले चरण में 39 जिलों में फैले 162 शहरी स्थानीय निकाय शामिल हैं, जिनमें 131 नगरपालिकाएं, 27 नगर परिषदें और भरतपुर, अलवर, बीकानेर और भीलवाड़ा सहित चार नगर निगम शामिल हैं। 20,623 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार प्रयोग किया।
--आईएएनएस
ओपी/डीएससी