भाजपा किसान मोर्चा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, यूपी के 77 जिलाध्यक्ष घोषित
लखनऊ, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने किसान वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में संगठनात्मक कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा के 77 जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति के बाद किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह चौधरी ने सोमवार को नई नियुक्तियों की सूची जारी की। इसके तहत पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर समेत सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा मुख्यालय, लखनऊ से जारी सूची में विभिन्न जिलों और महानगरों के लिए जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं।
पार्टी की इस संगठनात्मक कवायद को किसान मोर्चा के ढांचे को मजबूत करने और प्रदेशभर में संगठन की गतिविधियों को गति देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिम क्षेत्र में रामपुर में ऋषि पाण्डेय, शामली में संजीव मलिक, सहारनपुर महानगर में अरुण प्रताप सिंह, मेरठ महानगर में अक्षय भड़ाना, गाजियाबाद महानगर में देवेन्द्र यादव और नोएडा महानगर में मुक्तानन्द शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
ब्रज क्षेत्र में आगरा महानगर की जिम्मेदारी रवि राजपूत को दी गई है। बरेली जिले में सतेन्द्र यादव, शाहजहांपुर महानगर में विजय चौहान और पीलीभीत में शरद पाल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कानपुर क्षेत्र में कानपुर उत्तर से शैलेन्द्र सिंह, कानपुर दक्षिण से अजय प्रताप सिंह, झांसी महानगर से देवेन्द्र राय और हमीरपुर से अमित सिंह उर्फ चुनमुन को संगठन की कमान सौंपी गई है।
अवध क्षेत्र में लखनऊ महानगर के लिए जितेन्द्र सिंह और लखनऊ जिले के लिए विमलेश मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या महानगर में अनुराग त्रिपाठी और उन्नाव में कमल बाजपेयी को किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
काशी क्षेत्र में वाराणसी महानगर से राजेन्द्र सिंह पटेल, गाजीपुर से धनंजय चौबे, प्रयागराज महानगर से मंजीत कुशवाहा और सुल्तानपुर से कालीसहाय पाठक को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। गोरखपुर क्षेत्र में गोरखपुर महानगर से जीतेन्द्र सैनी, देवरिया से काशीपति शुक्ला, बलिया से अभिजीत तिवारी बब्लू और बस्ती से वरुण कुमार पाण्डेय को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा किसान मोर्चा में इन नियुक्तियों के जरिए प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में नई टीम को जिम्मेदारी दी गई है।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस