×

भाजपा की सरकार बनी तो तीन हजार रुपए मिलेंगे, फॉर्म भर दिया ना; हुगली में अमित शाह ने की महिलाओं से बात

 

हुगली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली में बुधवार को चुनाव प्रचार करने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह का अलग अंदाज देखने को मिला। वह रैली स्थल पर लोगों से बातचीत करते दिखाई दिए और भाजपा को वोट देने की अपील की।

हुगली के सप्तग्राम में चुनाव प्रचार के बाद गृह मंत्री वहां मौजूद भीड़ के पास पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से हालचाल जाना। शाह ने पूछा कि आप सभी लोग ठीक हैं ना? उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा महिलाओं को तीन हजार रुपए महीना देने वाली है। आप लोगों ने फॉर्म भर दिया या नहीं?

महिलाओं ने जवाब में कहा कि हां, हमने फॉर्म भर दिया है। इसके बाद अमित शाह ने पूछा कि आप लोगों को ममता सरकार से मुक्त होना है ना? सभी ने हां में जवाब दिया। इसके बाद अमित शाह ने जय श्रीराम का नारा लगाया और निकल गए।

वीडियो शेयर करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि बंगाल में कमल खिलने के लिए तैयार है।

जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री शाह ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि 7 बजे के बाद माताएं घर से न निकलें। आप भाजपा की सरकार बना दो, मोदी जी के हाथ मजबूत करो। रात को एक छोटी सी बच्ची भी स्कूटी से बाहर निकल पाए और किसी गुंडे की आंख उठाकर देखने की हिम्मत न हो।

घुसपैठियों के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि हमें सीमा पर बाड़ लगाने की जरूरत है, लेकिन ममता दीदी इसके लिए जमीन नहीं देतीं। बीएसएफ को सीमा पर बाड़ लगाने के लिए 600 एकड़ जमीन चाहिए। भाजपा सरकार को चुनिए और मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि 45 दिनों के भीतर हम सीमा पर बाड़ लगवा देंगे। घुसपैठिए नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों के लिए बने संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं और देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ममता दीदी घुसपैठियों को बचाने की चाहे जितनी भी कोशिश करें, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी पहचान हो और उन्हें बंगाल से खदेड़ दिया जाए।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी