भाजपा का देश भर से सफाया होगा, यूपी में सपा की ऐतिहासिक जीत होगी: सांसद धर्मेंद्र यादव
आजमगढ़, 21 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत की आर्थिक नीतियों को लेकर की गई तारीफ, बेरोजगारी, महंगाई, मणिपुर की घटना, राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां भाजपा का सफाया होता जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन मजबूत है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक विकास की तारीफ करते हुए भारत को उदाहरण के रूप में पेश किया था। इस पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह अच्छी बात है, लेकिन अमेरिका की ओर से भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात पर भी विचार किया जाना चाहिए। भारत सरकार को इस मुद्दे पर मजबूती से अपना पक्ष रखना चाहिए। भारतवासियों पर बेवजह अतिरिक्त टैरिफ नहीं लगाया जाना चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए मजबूती से खड़ा होना चाहिए कि भारत पर अतिरिक्त टैरिफ न लगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से किसानों की अनदेखी, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे उठाए जाने पर सपा सांसद ने कहा कि इन मुद्दों का जनता के बीच असर बना रहेगा। उन्होंने कहा कि लोग बेरोजगार और परेशान हैं। देश में बेरोजगारी की स्थिति चरम पर है और आजादी के बाद से सबसे अधिक बेरोजगारी दर इस समय है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे ज्यादा रोजगार देने का झूठा वादा वर्तमान सरकार, प्रधानमंत्री और प्रदेश सरकार ने किया था।
मणिपुर में मिलावटी शराब पीने से 15 लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की घटना पर धर्मेंद्र यादव ने कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मणिपुर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। वर्षों से मणिपुर की महिलाओं के साथ अत्याचार और अपमान की घटनाएं हो रही हैं। ऐसी घटनाओं से जुड़े वीडियो सामने आए, जिन्हें देखकर हर व्यक्ति शर्मसार हो सकता है।
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों पर सपा सांसद ने वहां के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने मजबूती से भाजपा को हराया है। धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि अब देश में जहां भी चुनाव होंगे, वहां भाजपा का सफाया होता जाएगा। अब उत्तर प्रदेश की जनता के फैसले का इंतजार है और अगले मार्च में ऐतिहासिक फैसला आने वाला है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी माहौल से डरकर पंचायत चुनाव एक साल से ज्यादा समय तक टाले। वहीं, राहुल गांधी के इस बयान पर कि राजस्थान का परिणाम पूरे देश की जनता का जनादेश है, धर्मेंद्र यादव ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव भाजपा की स्थिति कमजोर होगी।
धर्मेंद्र यादव ने पंचायत चुनाव टालने को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव इसलिए नहीं कराना चाहती थी, ताकि उसकी पोल न खुले। हालांकि, सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, उसकी पोल खुल रही है। उन्होंने एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा की स्थिति सामने आ गई है। उन्होंने दावा किया कि फरवरी-मार्च में होने वाले चुनावों में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी और भाजपा का हमेशा के लिए सफाया हो जाएगा।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि न तो समाजवादी पार्टी के लोग तनाव में हैं और न ही कांग्रेस के लोग। गठबंधन को लेकर मीडिया के लोग ही तनाव ले रहे हैं। उन्होंने गठबंधन को मजबूत बताते हुए कहा कि इसी गठबंधन ने भाजपा को बैसाखी पर ला दिया है और यही उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया करेगा।
बसपा नेता आकाश आनंद की ओर से अखिलेश यादव और पीडीए के विजन पर सवाल उठाए जाने पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आकाश आनंद अभी नए नेता हैं और उनके बारे में वह कुछ नहीं कहना चाहते। हालांकि, उन्होंने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और देश के हित में उनसे बेहतर दूरदृष्टि और स्पष्ट विजन किसी दूसरे नेता में नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के विजन का प्रमाण जनता लगातार दे रही है और उनके नेतृत्व को किसी विपक्षी दल के बयान से प्रमाणित कराने की जरूरत नहीं है।
भाजपा के साथ गए पूर्व सहयोगियों को लेकर धर्मेंद्र यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें वहां भरपूर सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजभर को सपा ने चुनाव लड़ाया था, लेकिन उन्हें वहां सम्मान महसूस नहीं हुआ। इसलिए उन्हें कम से कम दोगुनी सीटें मिलनी चाहिए। इसी तरह उन्होंने जयंत चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि 34 सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद भी उन्हें सम्मान महसूस नहीं हुआ था, इसलिए उन्हें कम से कम दो सीटें मिलनी चाहिए। उन्होंने निषाद और अनुप्रिया पटेल का नाम लेते हुए कहा कि जब सभी को सम्मान मिलना चाहिए तो उन्हें भी पीछे नहीं रहना चाहिए।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयानों पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि वे केवल चर्चा में आने और मीडिया में दिखने के लिए बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी के लिए आजम खान और समाजवादी पार्टी के नेता पर्याप्त हैं।
--आईएएनएस
पीएसके