भाजपा का बंगाल में सूपड़ा होगा साफ: इमरान मसूद
सहारनपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों पर पहले चरण के तहत मतदान संपन्न हो चुका है और वोटरों ने भारी तदाद में वोटिंग की। वोटिंग प्रतिशत 92 फीसदी के पार जाने पर भाजपा ने इसे अपने पक्ष में बताया और दावा किया कि अगली सरकार भाजपा की बनेगी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा के दावे पर पलटवार किया।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है तो इसका मतलब यह नहीं कि भाजपा के पक्ष में लोगों ने वोट किया। भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है।कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर आपने ईवीएम सेट कर दी तो उसका इलाज किसी के पास नहीं है।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के विश्वगुरु वाले बयान पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुरली मनोहर जोशी तो कह रहे हैं कि न हम विश्वगुरु गुरु थे, न आज हैं। यह तो मुरली मनोहर जोशी से पूछना चाहिए कि जब आप अपनी विचारधारा के लोगों को संतुष्ट नहीं कर पा रहे हैं तो इसमें हम क्या करें।
राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का इसमें क्या रोल है, सुप्रीम कोर्ट का जो आदेश था, उसके अनुसार काम हुआ।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान पर कहा कि यह समझ में नहीं आता है कि वह सही बोल रहे हैं या ट्रंप साहब सही बोल रहे हैं। ट्रंप के जो बयान आ रहे हैं, वह तो घोर आपत्तिजनक हैं। भारत के प्रति इस तरह की भावना रखना बर्दाश्त के लायक नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत की बात करती है, लेकिन अभी तो विकसित का वी भी नहीं बन पाए हैं।
73 राज्यसभा सदस्यों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नोटिस दिए जाने पर कहा कि चुनाव आयोग जिस प्रकार का काम कर रहा है, उसके लिए लोगों में आक्रोश होना स्वाभाविक है। विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि जब आप इतनी बड़ी तादाद में लोगों को मताधिकार से वंचित करेंगे तो लोग क्या करेंगे?
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी