×

भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद गुजरात की प्रथम यात्रा के दौरान नितिन नवीन ने महंत स्वामी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया

 

गांधीनगर, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद गुजरात की अपनी प्रथम यात्रा पर आए नितिन नवीन ने गांधीनगर स्थित पूज्य स्वामीनारायण अक्षरधाम में परम पूज्य महंत स्वामी महाराज से शिष्टाचार भेंट की।

नवीन के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे, जिनमें भाजपा गुजरात के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी. एल. संतोष तथा भाजपा गुजरात के संगठन मंत्री श्री रत्नाकरजी शामिल थे।

यह भेंट अत्यंत आत्मीयता और श्रद्धा के वातावरण में सम्पन्न हुई, जहां प्रतिनिधिमंडल ने महंत स्वामी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर परम पूज्य स्वामी जी ने उनके समर्पित सेवाकार्य के लिए तथा भारत में निरंतर शांति, एकता, सद्भाव और समृद्धि के लिए हृदयपूर्वक प्रार्थना अर्पित की।

महंत स्वामी महाराज ने राष्ट्र निर्माण के लिए सत्यनिष्ठा, करुणा और निःस्वार्थ नेतृत्व जैसे शाश्वत मूल्यों को मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में अपनाने पर बल दिया। यह भेंट सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक मूल्यों तथा समाज के समग्र विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक रही।

अक्षरधाम का शांत और आध्यात्मिक वातावरण इस संवाद के लिए एक दिव्य पृष्ठभूमि सिद्ध हुआ, जिसने सार्वजनिक जीवन में नैतिक और आचारिक मूल्यों के महत्व को पुनः रेखांकित किया।

इसके पहले अहमदाबाद पहुंचने पर नितिन नवीन का पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। शुक्रवार को एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि गुजरात ने देश को ऐसा नेतृत्व दिया है, जिसके संकल्प और निर्णायक नीतियों के बल पर आज भारत तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मैं आत्मीय स्वागत के लिए गुजरात के अपने कार्यकर्ता साथियों का हृदय से अभिनंदन करता हूं।

नितिन नबीन ने कुछ फोटो और वीडियो एक्स सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है, "गांधीनगर में युवा उद्यमियों से मिलकर बहुत अच्छा लगा। उनकी दूरदृष्टि, नवाचार और प्रतिबद्धता सचमुच प्रेरणादायक थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह जीवंत ऊर्जा विकसित भारत की यात्रा को गति दे रही है।

--आईएएनएस

एएस/