☰
×

बिसलेरी के पैकेज्ड पानी का सैंपल जांच में असुरक्षित मिला, वीडियो में जानें FSSAI ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की दी मंजूरी

 

देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस शुरू करने की मंजूरी दी है। फूड रेगुलेटर के मुताबिक, कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया। रविवार को इस संबंध में जानकारी साझा की गई।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EmD0cHxAV-g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EmD0cHxAV-g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

FSSAI के अनुसार, यह सैंपल बिसलेरी इंटरनेशनल के कैंपस से जांच के लिए लिया गया था। शुरुआती जांच में पानी के नमूने में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।

अपील के बाद दोबारा हुई जांच

कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद पानी के सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां भी जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) मिलने की बात सामने आई। इसके बाद रेफरल लैबोरेटरी ने भी सैंपल को असुरक्षित बताया।

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के लिए लिया गया नमूना 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर' कैटेगरी का था। FSSAI ने जांच के नतीजों के आधार पर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है।

क्या होता है ब्रोमेट और क्यों है खतरनाक?

ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को शुद्ध करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को साफ करने के लिए कई जगह ओजोन का इस्तेमाल किया जाता है। यदि पानी में पहले से ब्रोमाइड मौजूद हो, तो ओजोन के संपर्क में आने पर ब्रोमेट बन सकता है।

ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी पदार्थ माना जाता है। इसी वजह से खाद्य सुरक्षा नियामक ने पीने के पानी में इसकी मात्रा के लिए बेहद कम सीमा निर्धारित की है। तय सीमा से अधिक मात्रा मिलने पर पानी को स्वास्थ्य के लिहाज से असुरक्षित माना जा सकता है।

फूड कंपनियों पर बढ़ाई जा रही निगरानी

FSSAI ने इस साल फूड बिजनेस ऑपरेटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई बढ़ाई है। खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपल लेकर उनकी जांच की जा रही है।

बिसलेरी के मामले में दोनों स्तरों की जांच में सैंपल को असुरक्षित बताया गया है। अब कंपनी के खिलाफ केस शुरू करने की मंजूरी मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई हो सकती है।