×

बिना अनुमति इंटरव्यू क्लिप इस्तेमाल करने पर भड़के आर. माधवन, बोले- 'ऐसे लोग जनता का भरोसा तोड़ रहे हैं'

 

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। अभिनेता आर. माधवन इन दिनों एक वेलनेस ब्रांड पर नाराजगी जाहिर करने को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने खुलकर उस कंपनी के खिलाफ अपनी बात रखी, जिसने कथित तौर पर उनके एक इंटरव्यू की क्लिप का इस्तेमाल अपने प्रचार के लिए किया।

माधवन का कहना है कि कंपनी ने बिना उनकी अनुमति और जानकारी के उनके वीडियो का हिस्सा लेकर ऐसा प्रचार किया, जिससे लोगों को लग सकता है कि वह उस प्रोडक्ट का समर्थन कर रहे हैं। अभिनेता ने इसे गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात भी कही।

बुधवार को माधवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उस वेलनेस ब्रांड की बनाई गई एक छोटी वीडियो पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया। इस पोस्ट में ब्रांड ने उनके इंटरव्यू की एक झलक इस्तेमाल की थी। तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा था कि इंटरव्यू के वीडियो को इस तरह पेश किया गया था, जिससे आम लोगों को यह लगे कि माधवन उस प्रोडक्ट की तारीफ कर रहे हैं या उसका प्रचार कर रहे हैं। इसी बात को लेकर अभिनेता ने नाराजगी जाहिर की।

माधवन ने उस तस्वीर पर अपनी प्रतिक्रिया भी लिखी। उन्होंने कहा, "इस वीडियो को इस तरह बनाया गया है जैसे मैं खुद उस प्रोडक्ट का प्रचार कर रहा हूं। इसमें मेरी किसी भी तरह की अनुमति नहीं ली गई और मेरे इंटरव्यू को सीधे प्रचार सामग्री की तरह इस्तेमाल कर लिया गया। इस तरह की हरकतों की वजह से जनता का भरोसा टूटता है और फिर लोगों को समझ नहीं आता कि कौन सही है और कौन गलत। यह शर्मनाक है।''

इसके अलावा, माधवन ने पोस्ट के साथ एक लंबा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, "यह बेहद दुखद और शर्म की बात है कि कुछ लोग और कंपनियां सोचती हैं कि वे किसी के इंटरव्यू का हिस्सा उठाकर उसे अपने प्रचार के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। किसी कलाकार की बातों या वीडियो को उसकी अनुमति के बिना प्रचार सामग्री बनाना गलत है। इस मामले में कानूनी नोटिस भेज दिया गया है।"

माधवन ने अपने पोस्ट में आगे लोगों को ऐसे पेशेवरों और कंपनियों से सावधान रहने की सलाह भी दी। माधवन के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कई लोग सामने आए।

--आईएएनएस

पीके/एएस