×

बीजापुर में निर्मम हत्या, दो अज्ञात हमलावरों ने सो रहे युवक की ली जान

 

बीजापुर, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। पामेड थाना क्षेत्र के ग्राम एर्रापल्ली में शुक्रवार रात करीब 10 बजे 22 वर्षीय युवक पूनेम बुधरा की निर्मम हत्या कर दी गई। पूनेम बुधरा पुत्र जोगा एर्रापल्ली गांव का निवासी था।

जानकारी के मुताबिक, रात के समय दो अज्ञात व्यक्ति मृतक के घर में घुसे। उन्होंने सबसे पहले पूनम के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वह चिल्ला न सके। इसके बाद कुल्हाड़ी से कई वार करके उसकी हत्या कर दी। हमलावरों ने यह वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी कि घर वाले कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वे फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के बाद थाना पामेड से पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटना की पुष्टि की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए टीम गठित की गई है, जो हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

यह क्षेत्र लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है। यहां अक्सर पुलिस मुखबिर समझकर या अन्य कारणों से ग्रामीणों को निशाना बनाया जाता है। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन स्थानीय स्तर पर संदेह नक्सलियों पर जाता है। बीजापुर जिला नक्सल हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक है। यहां सड़क निर्माण, विकास कार्यों या पुलिस सहयोग के शक में लोग निशाना बनते रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि घटना की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अगर यह नक्सली वारदात साबित हुई तो सुरक्षा बलों का अभियान और तेज हो सकता है।

--आईएएनएस

एसएचके/डीएससी