बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, जनता के हित में काम करने का लिया संकल्प
पटना, 1 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने बुधवार को शपथ ग्रहण की। पटना में आयोजित समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नवनिर्वाचित एमएलसी ने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। इस अवसर पर बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी दलों के नेताओं ने अपनी प्राथमिकताओं और जनता के प्रति जिम्मेदारियों को लेकर अपनी-अपनी बातें रखीं।
शपथ लेने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एमएलसी संजय प्रकाश मयूख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें एक बार फिर जनता और पार्टी की सेवा का अवसर मिला है तथा वह पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
जनता दल (यूनाइटेड) की नवनिर्वाचित एमएलसी भारती मेहता ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करना है। उन्होंने कहा कि जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधान पार्षद अशरफ अंसारी ने पार्टी संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान, रीना पासवान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को वह पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने सभी नवनिर्वाचित एमएलसी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्हें जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एनडीए सरकार के सभी सदस्य विधान परिषद में नए उत्साह के साथ बिहार की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी सुनील सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे तथा जनता से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में मजबूती से उठाएंगे।
सुनील सिंह ने दावा किया कि परिषद में राजद के 15 सदस्य सरकार के 60 सदस्यों पर राजनीतिक रूप से भारी पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सरकार को लगातार घेरने और जनता की आवाज बुलंद करने का काम करेगा।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी