बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक, संजय सरावगी बोले- एकजुट होकर सभी आठ सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. डीएन सिन्हा, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया सहित एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में विधान परिषद चुनाव को लेकर सभी घटक दलों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
नेताओं ने चुनाव में साझा रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने, संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल स्थापित करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ विधान परिषद चुनाव के मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सभी आठ सीटों पर उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से काम करेंगे।
सरावगी ने कहा कि एनडीए की कार्यशैली सामूहिक निर्णय, आपसी संवाद और समन्वय पर आधारित है। गठबंधन के किसी भी घटक दल के नेता या कार्यकर्ता को किसी विषय को लेकर समस्या या सुझाव है तो वे संगठन के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं। संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना और सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना एनडीए की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दलों के बीच किसी तरह का भ्रम या असमंजस नहीं है। सभी दल साझा रणनीति के तहत चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं और संगठनात्मक स्तर पर भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास, आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को लेकर गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और सरकार के कामकाज की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
बैठक में मौजूद एनडीए के नेताओं ने विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा कि सभी सहयोगी दल आपसी समन्वय और साझा रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी