☰
×

बिहार : वैशाली नाव हादसे के बाद डीएम ने कहा- नाव मालिक और जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

 

हाजीपुर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुए नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बुधवार को बताया कि मृतकों में नौ बच्चियां और चार बच्चे शामिल हैं। सभी की उम्र 15 वर्ष से कम है। हादसे के बाद प्रशासन ने नाव के मालिक और उसके परिचालन में शामिल लोगों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि नाव पलटने की घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस दौरान 13 शव बरामद किए गए। वहीं, छह लोगों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इनमें दो वयस्क पुरुष और चार बच्चियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी छह लोगों की स्थिति स्थिर है। प्रशासन की टीम रातभर घटनास्थल पर निगरानी करती रही और पीड़ितों के परिजनों के संपर्क में रही।

डीएम ने बताया कि हादसे में शामिल नाव निजी तौर पर पंजीकृत है। नाव किसके नाम पर है, इस संबंध में स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट मिल गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाव के मालिक और उसका परिचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जिन अधिकारियों पर निगरानी की जिम्मेदारी थी, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंचल अधिकारी और थाना अध्यक्ष की जिम्मेदारी है कि वे अपने तंत्र के माध्यम से ऐसी घटनाओं को रोकें और स्वयं भी निगरानी करें।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित नाव का पहले भी परिचालन किया जा रहा था। इसे प्रशासनिक चूक बताते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों द्वारा नाव उपलब्ध कराने की मांग किए जाने के सवाल पर डीएम ने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की ओर से नाव या सड़क संपर्क की मांग आती है, तो प्रशासन उस पर संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।

डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि इलाके में एसडीआरएफ की आठ नावें पहले से काम कर रही हैं। आपात स्थितियों में राहत और बचाव कार्य को और तेज करने के लिए नदी के दोनों किनारों पर एसडीआरएफ के दो स्थानीय स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है और इस दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम