×

बिहार : वैशाली दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, पुलिस वाहन पर भी हुई फायरिंग

 

हाजीपुर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में हुए पिता-पुत्र दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जगदीश राय सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने गई टीम पर उसने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जगदीश राय बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें जगदीश राय घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसे दोनों पैरों के घुटने के पास गोली लगी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, दो गोलियां पुलिस वाहन में लगी हैं। हालांकि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच में जुटी है। मौके से अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि रविवार को रजासन गांव में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जगदीश राय और उसके पिता मुरली राय को मुख्य आरोपी बनाया गया है।

आरोप है कि दोनों ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही चाचा और चचेरे भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोहरे हत्याकांड के बाद से पुलिस मुख्य आरोपी जगदीश राय की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम