बिहार एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह पर की कार्रवाई, छह गिरफ्तार, 37 हिरासत में
पटना, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट के जरिए संचालित अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संगठित आर्थिक अपराध गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 37 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छापेमारी के दौरान 22 लाख रुपए नकद, 300 से अधिक एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 100 से अधिक मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, छह टैबलेट, जेवरात और बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, पटना साइबर थाना में दर्ज मामले के तहत बुधवार को बिहार एसटीएफ, पटना पुलिस, साइबर थाना और झारखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पटना, कोलकाता, रांची, दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में कुल 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई। बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना संदीप कुमार गुप्ता और लवली प्रिया शामिल हैं, जिन्हें रांची से गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी को पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से तथा कौशल कुमार, चंगु और मोनु कुमार उर्फ मंगु को दानापुर के मेरिडियन इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि गिरोह बाली एक्सचेंज और इससे संबद्ध वेबसाइटों के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन करता था। इसकी कार्यप्रणाली चर्चित महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क की तर्ज पर बताई गई है। गिरोह सामाजिक माध्यमों के जरिए लोगों को आसानी से पैसा कमाने का लालच देकर सट्टेबाजी से जोड़ता था।
शुरुआत में खिलाड़ियों को जीत की रकम देकर भरोसा दिलाया जाता था, जिसके बाद उनसे अधिक राशि लगवाई जाती थी। कई मामलों में जीती गई रकम भी नहीं दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना दुबई में रहकर विदेश के सर्वर पर वेबसाइट संचालित करता था। खिलाड़ियों से बैंक खाते, यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से रकम जमा कराई जाती थी। इसके लिए फर्जी कंपनियों और दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था।
जांच में अब तक 44 म्यूल बैंक खाते चिह्नित किए गए हैं, जिनमें करीब 88.52 करोड़ रुपए जमा और 87.62 करोड़ रुपए निकाले गए। रकम को कई खातों में स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों को छिपाने का प्रयास किया गया। एसटीएफ ने बताया कि गिरोह के संपर्क विदेशों से भी जुड़े हैं और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
इस नेटवर्क में युवाओं के साथ किशोरों के भी फंसने की बात सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों की तलाश में छापेमारी कर रही है। एसटीएफ ने लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने और किशोरों को इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी