बिहार से पांच राज्यसभा की सीटें एनडीए ही जीतेगी: मंत्री संतोष सुमन
गयाजी, 2 मार्च (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर दावा किया है कि पांचों सीट एनडीए के खाते में आएंगी।
गयाजी में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि बिहार से पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। जहां तक राज्यसभा का सवाल है, हम समझते हैं कि हमारे पास संख्या बल है, इसीलिए पांचों सीट एनडीए के खाते में आएंगी। एनडीए पांचों सीट पर जीत हासिल करेगी। कौन सी पार्टी के कार्यकर्ता राज्यसभा जाएंगे, इसका फैसला जल्द ही हो जाएगा।
5 राज्यसभा सीटों के लिए भी एनडीए और महागठबंधन की ओर से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि महागठबंधन की ओर से राजद नेता तेजस्वी यादव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध में फंसे भारतीयों को लेकर पीएम मोदी ने बैठक की है। हमारी सरकार अपने सभी नागरिकों को सुरक्षित लाने के लिए पूरी डिप्लोमेसी कर रही है और वार्ता जारी है। हमारे हवाई जहाज भारतीयों को सकुशल वापिस लाएंगे। दो से चार दिन के अंदर सभी बाहर आ जाएंगे।
उन्होंने ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ रहे तनाव को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
मंत्री संतोष सुमन ने दावा किया है कि जिस तरह से पूर्व युद्ध के दौरान भारत सरकार ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सकुशल वतन वापसी कराई थी, इस बार भी कराई जाएगी। मैं बिहार में रहने वाले सभी लोगों से अपील करना चाहता हूं कि किसी को अपने परिजन के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है, सभी की सकुशल वापसी कराई जाएगी।
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि धर्म, सत्य और भक्ति की विजय के प्रतीक पावन पर्व होलिका दहन की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पावन अवसर हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, अधर्म पर धर्म की जीत तथा असत्य पर सत्य की शक्ति का संदेश देता है। प्रभु से प्रार्थना है कि यह होलिका दहन आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी