बिहार : सावन की पहली सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
मुजफ्फरपुर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। सावन की पहली सोमवारी पर उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। सोमवार सुबह से ही पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, देर शाम तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की संभावना है। श्रद्धालु करीब 87 किलोमीटर दूर पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा गरीबनाथ के दरबार पहुंच रहे हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बिहार के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांवरिए मंदिर पहुंचे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर से लगभग पांच किलोमीटर पहले से ही कतारबद्ध व्यवस्था की गई है।
सोमवार सुबह साढ़े छह बजे तक करीब 50 हजार श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे। रविवार रात 10 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक लगातार जारी रहने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण सभी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से अरघा के माध्यम से जल अर्पित कराया जा रहा है। मंदिर के मुख्य पुजारी विनय पाठक ने कहा कि प्रत्येक सोमवारी के लिए मंदिर प्रशासन पूरी तैयारी के साथ रहता है।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहता है कि किसी भी श्रद्धालु या कांवरिए को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी श्रद्धालु आसानी से बाबा गरीबनाथ के मस्तक पर जल अर्पित कर सकें। उन्होंने बताया कि सुबह तक 50 से 60 हजार श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे और देर शाम तक यह संख्या डेढ़ लाख से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पटना-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही सीमित की गई है, जबकि आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर टीम भी लगातार सक्रिय है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके