×

बिहार: रिल्स शॉट करने के दौरान हादसा, दो युवकों की नहर में गिरने से मौत

 

बेतिया, 7 जून (आईएएनएस)। आज के दौर में रिल्स बनाने का चलन काफी बढ़ गया है और व्यूज बढ़ाने को लेकर लोग किसी भी हद को पार करने से नहीं चूक रहे हैं, जिसमे हादसे भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से रविवार को सामने आया है जब दो युवक रिल्स शूट करने के दौरान गंडक नहर में गिर गए जिससे उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना मझौलिया के अमवा मझार स्थित गंडक नहर के 55 पुल बड़ा केवड़ा के समीप की है।

जानकारी के मुताबिक, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारी टोला गांव के निवासी धर्म कुमार और करण कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ अमवा मझार के समीप गंडक नहर के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान ये दोनों रिल्स बनाने के लिए वीडियो शूट करने लगे। वीडियो शूट करने में वे इतने मग्न हो गए कि वे फिसल कर नहर में गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नहर के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण दोनों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रोकर बुरा हाल है। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नहर से बरामद कर लिए गए।

पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिला प्रशासन ने लोगों से नहर, नदी और जलाशयों के किनारे वीडियो शूट नहीं करने की अपील की है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच