×

बिहार : पूर्णिया में वृद्ध दंपति का शव फंदे से लटका मिला, बेटी ने भाई पर लगाया हत्या का आरोप

 

पूर्णिया, 28 जून (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार को एक वृद्ध दंपति का शव घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना केनगर थाना क्षेत्र के झुन्नी इस्तम्ब्रार पंचायत के मुसहरी की है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक की बेटी ने अपने बड़े भाई पर माता-पिता की हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गूलर ऋषि (65 ) और उनकी पत्नी मुनिया देवी (60) के रूप में हुई है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दंपति का शव घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना केनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद मृतक की बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका बड़ा भाई अक्सर माता-पिता के साथ मारपीट करता था। उसका दावा है कि रविवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची, जहां उसने अपने माता-पिता का शव फंदे से लटका हुआ देखा। बेटी ने आशंका जताई है कि उसके भाई ने ही दोनों की हत्या कर शवों को फंदे से लटका दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को फंदे से लटकाया गया। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम