बिहार: पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज, एक गिरफ्तार
बेतिया, 27 मई (आईएएनएस)। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मढिया गांव में एक रास्ते पर अवैध कब्जे की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मढिया गांव की एक महिला ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के सामने स्थित रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। साथ ही, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने रास्ते के किनारे लगे आधा दर्जन पेड़ों को भी काट दिया है।
इसी शिकायत पर शिकारपुर थाने के दारोगा रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मामले की जांच करने गांव पहुंचे। बताया जाता है कि पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष की महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए और पुलिस के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसमें एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और अभिषेक कुमार घायल हो गए। इस बीच हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों से मोबाइल छीनने की भी सूचना है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस सिलसिले में पुलिस अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार के बयान के आधार पर प्रिंस पासवान एवं अन्य पंद्रह के विरुद्ध शिकारपुर थाना में केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस एक्शन में है। उन्हें बताया गया कि इस मामले में गांव के ही मदन राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी