×

बिहार: पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागे दो कैदी, एक दबोचा गया, दूसरा फरार

 

गोपालगंज, 18 जून (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज में गुरुवार को कोर्ट परिसर के पास पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई, जब पेशी के लिए लाए गए दो कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से एक आरोपी को कुछ ही देर बाद पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार आरोपी की तलाश में व्यापक स्तर पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाने की पुलिस ने उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर बिहार आ रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस दोनों को पेशी के लिए उत्पाद स्पेशल कोर्ट लेकर पहुंची थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर के समीप एक आरोपी धनी कुंवर, जो विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव का निवासी बताया जाता है, हथकड़ी से किसी तरह अपना हाथ निकालकर पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए फरार हो गया।

आरोपी के अचानक भागने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। वहीं, दूसरा आरोपी राजा कुमार पांडेय भी हथकड़ी समेत भागने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। मिंज स्टेडियम रोड के पास लोगों और पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे दोबारा पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।

हालांकि, धनी कुंवर मौके का फायदा उठाकर मौनिया चौक की ओर भाग निकला और भीड़ में गायब हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी