बिहार: पटना में 30 हजार बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद, एक गिरफ्तार
पटना, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में शराबबंदी के बाद विपक्ष सूखे नशे के प्रचलन बढ़ने का आरोप लगाते रहा है। इस बीच, पटना पुलिस ने सोमवार को रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से भारी मात्रा में कोडिन युक्त अवैध कफ सिरप को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि पुलिस को रामकृष्णा नगर के जकरियापुर क्षेत्र में एक ट्रक (कंटेनर) से कोडिन युक्त अवैध कफ सिरप उतारकर गोदाम में रखे जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, पटना के निर्देशन में औषधि निरीक्षक, पटना के सहयोग से एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस ने यहां से 200 कार्टन में रखे 30 हजार बोतल कोडिन युक्त 'एस कॉफ' नाम के कफ सिरप (लगभग 3000 लीटर) बरामद किया है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है।
पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि बरामद कफ सिरप हिमाचल प्रदेश में निर्मित है। उन्होंने बताया कि यह दवा ट्रांसपोर्ट में चेन्नई से बुक किया गया था। यहां जिसके नाम से बुक किया गया था, उसके नाम का पता चल गया है, उसका सत्यापन किया जा रहा है। इस मामले में एक व्यक्ति मोहम्मद जमशेद को गिरफ्तार किया गया है जो यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है, लेकिन उसे ज्यादा जानकारी नहीं है। पुलिस इस पूरे गिरोह को लेकर आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि छह दिन पूर्व भी पुलिस ने गौरीचक थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12,050 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद की थी। इस दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था जबकि एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएसके