बिहार: जालसाजी के आरोप में दो गिरफ्तार, 9 लाख नेपाली रुपया बरामद
मोतिहारी, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत- नेपाल सीमा पर पुलिस ने नेपाली रुपये के जालसाजी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नौ लाख नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पूर्वी चंपारण जिले के महुआवा थानान्तर्गत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) चेक पोस्ट के पास महुआवा थाना पुलिस टीम एवं एसएसबी की टीम के द्वारा वाहन तलाशी का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार होकर दो लोग पहुंचे।
शक के आधार पर दोनों की तलाशी ली गई। बाइक पर सवार दोनों लोगों के पास से नौ लाख नेपाली रुपये बरामद किये गए। दोनों पर आरोप है कि ये भारत से नेपाल जाने वाले लोगों को अधिक भारतीय रुपया लेकर उसके तुलना में कम नेपाली रुपया देकर जालसाजी , ठगी का काम किया करता थे।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार भी किए है। पुलिस अब इस धंधे में जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगा रही है। गिरफ्तार लोगों की पहचान दशई पंडित और वेदयानन्द कुमार के रूप में हुई है। दोनों महुआवा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
इससे दो दिन पहले यानी 27 अप्रैल को रक्सौल थानान्तर्गत रेलवे फाटक के पास अवैध रूप से मनी एक्सचेंज कारोबार करने की सूचना पर पुलिस ने एक व्यक्ति संजय महतो को गिरफ्तार किया था।
इसके पास से 2.63 लाख भारतीय रुपये और 8.13 लाख नेपाली रुपये बरामद किए गए थे। इस छापेमारी के बाद रक्सौल क्षेत्र में अवैध मनी एक्सचेंज कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के अवैध कारोबार सीमा क्षेत्र की सुरक्षा और आर्थिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी