बिहार: नेपाल से भारत लाई जा रही थी अफीम, 20 लाख के मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस और सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, छौड़ादानों थाना क्षेत्र के महुआवा स्थित एसएसबी की 71वीं वाहिनी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारत में प्रवेश करने वाले हैं।
सूचना मिलने के बाद इसकी पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), रक्सौल के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने छौड़ादानों थाना क्षेत्र के ग्राम धरहरी के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक ई-रिक्शा की जांच की गई, जिसमें से 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
मौके से ई-रिक्शा पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र के मसही गांव निवासी फिरोज अहमद, जीतपुर गांव निवासी विपिन कुमार और नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के पकड़िया (चिकनी) गांव निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के साथ ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। इस संबंध में संबंधित थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-रक्सौल मनीष आनंद और छौड़ादानों थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच