×

बिहार : नवादा में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकराई, तीन की मौत

 

नवादा, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। वे एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गया जिले के रिऊला गांव के रहने वाले तीन युवक एक मोटरसाइकिल से अकबरपुर प्रखंड के महोगया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कटघर मोड़ के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक काफी तेज गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया।

मृतकों की पहचान गया जिले के रिऊला गांव निवासी सुनील चौधरी के पुत्र सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी, विजय चौधरी के पुत्र प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार और राजेश मांझी के पुत्र इंद्र मांझी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीतामढ़ी के थाना प्रभारी हरेंद्र यादव ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार की देर रात की है। इस दुर्घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बिजली पोल में टकराने से उस पर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएनपी