×

बिहार : मोतिहारी में स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस

 

मोतिहारी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 97 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मनीष आनंद को क्षेत्र में स्मैक की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने रामगढ़वा थाना क्षेत्र के कोठी रोड स्थित एक संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी कर सोनू कुमार और अजय महतो को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्मैक छिपाने की जानकारी पुलिस को दी। उनकी निशानदेही पर कोठी रोड स्थित एक पोखरे के किनारे चापाकल के पास बने गड्ढे से 97 ग्राम स्मैक बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रामगढ़वा थाना में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

रामगढ़वा पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इस धंधे के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

दरअसल, पूर्वी चम्पारण जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र में 13 जून को पुलिस और विशेष कार्य बल को मादक पदार्थ तस्करों खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी थी, जब एक अर्टिगा कर से 10.540 किलोग्राम अफीम जब्त किया गया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच