बिहार में नीतीश मॉडल को आगे बढ़ाएंगे सम्राट चौधरी: गिरिराज सिंह
पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के कार्यकाल को बेहतरीन बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार को सम्राट चौधरी के तौर पर नया सीएम मिला है और मैं बिहार की जनता को बताना चाहता हूं कि नीतीश मॉडल को सम्राट चौधरी आगे बढ़ाएंगे।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी ने खुद कहा है कि बिहार में नीतीश मॉडल को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने पीएम मोदी और नीतीश कुमार का आभार जताया है। हम यहां बिहार के विकास के लिए हैं। यह एनडीए है, जो नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर आधारित है और सम्राट इसे आगे बढ़ाएंगे।
राजद विधायक तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास कहने के लिए कुछ नहीं है, वे हताशा में बोल रहे हैं। यह एनडीए की सरकार है। नीतीश कुमार की जगह अब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं, और विकास इसी तरह जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि मैं तेजस्वी यादव को बता देना चाहता हूं कि बिहार में 'जंगल राज' वापस नहीं आएगा।
गिरिराज सिंह ने पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की पाठशाला पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पाठशाला खराब थी, इसीलिए तो सम्राट चौधरी ने पाठशाला छोड़ दी।
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के बीच टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के बयान पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि गुजरात में कोई गुंडे नहीं हैं और बंगाल में अभिषेक बनर्जी के प्रभाव में आकर अवैध तत्व काम नहीं कर पाएंगे। वह दौर अब खत्म हो चुका है, जब ऐसी चीजें संभव हुआ करती थीं। भाजपा भारी बहुमत से जीत हासिल करने जा रही है। सारी गुंडागर्दी निकल जाएगी।
महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद के तीन दिवसीय सत्र के दौरान विधेयक लाया जाएगा। पीएम मोदी ने सभी विपक्षी दलों से गुजारिश की है कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण में अपना योगदान दे।
दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वे अब हमेशा तंज कसते ही रह जाएंगे। उनके पास तंज कसने के अलावा कुछ नहीं है। अगर वह बिहार में अपना भविष्य देखते हैं तो उन्हें सोच-समझकर बयान देना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी