बिहार में कई मंत्रियों ने संभाला कार्यभार, बताईं प्राथमिकताएं
पटना, 11 मई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में विभागों के बंटवारे के बाद सोमवार को भी कई नए मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों का कार्यभार संभाला। इस दौरान उन्होंने सरकार की प्राथमिकताएं भी गिनाई।
भाजपा नेता नीतीश मिश्रा ने सोमवार को सूचना प्रावैधिकी विभाग के कार्यालय कक्ष में विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत मंत्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना प्रावैधिकी केवल सुविधा का माध्यम नहीं, बल्कि सुशासन, आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं सामाजिक परिवर्तन का सशक्त आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से हो रहे तकनीकी परिवर्तन के अनुरूप बिहार में भी आईटी एवं डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी एवं दूरदर्शी पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रगतिशील नीतियों यथा बिहार आईटी पॉलिसी 2024 एवं बिहार जीसीसी पॉलिसी 2026 के माध्यम से बिहार में निवेश एवं तकनीकी उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान करना है।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी सोमवार को बिहार सरकार के खेल विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने कहा कि खेल नीति ही बिहार में खेलों के समग्र विकास की आधारशिला है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से तैयार करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक जिले में "डिस्ट्रिक्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस" के रूप में खेल अवसंरचना विकसित किए जाने की आवश्यकता है, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर मिल सकें। यदि बिहार को खेल हब के रूप में विकसित करना है, तो जिला स्तर पर मजबूत खेल संरचना तैयार करनी होगी।
बिहार पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने भी पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में पुल, सड़क समेत दूसरी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अत्याधुनिक तकनीक के आधार पर मूर्तरूप देने के लिए अभियंताओं को दूसरे राज्यों में भेजा जाएगा।
उन्होंने महाराष्ट्र, गुजरात जैसे राज्यों में टेक्नोलॉजी आधारित हो रहे विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार जैसा राज्य अभी इससे अछूता है। अत्याधुनिक तकनीक आधारित विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने की दिशा में विभागीय अभियंता और पदाधिकारियों को दूसरे राज्यों में भेजा जाएगा।
इस बीच, योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सोमवार को पुराना सचिवालय स्थित विभागीय कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं की समयबद्ध मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित नीति निर्माण को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता, समन्वय एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी