बिहार में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अस्पताल अब बन रहे विशिष्ट चिकित्सा केंद्र: सीएम नीतीश कुमार
बक्सर, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने चल रही विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया तथा कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार की योजनाओं की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि जब से बिहार में एनडीए की सरकार बनी है तब से सभी वर्गों के लिए काम किया जा रहा है। राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 'उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य' के तहत प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं। एक नए एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जाएगा।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 'सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन' के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा और सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की नीति लाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'समृद्ध उद्योग- सशक्त बिहार' के तहत अगले पांच वर्षों में उद्योग लगाने पर पूरा जोर दिया जा रहा है। सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। बड़े उद्योगों के लिए मुफ्त भूमि एवं अनुदान दिया जा रहा है। पुरानी बंद चीनी मिलों को चालू किया जाएगा तथा कृषि में प्रगति प्रदेश की समृद्धि के तहत कृषि विकास के लिए पहले से ही काफी काम किया गया है।
उन्होंने इस समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर जिला के 592 करोड़ रुपए की लागत से 64 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 486 करोड़ रुपए की लागत से 23 योजनाओं का शिलान्यास एवं 106 करोड़ रुपए की लागत से 41 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
इधर, इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया कि बक्सर जेल परिसर में स्थित भगवान विष्णु के पांचवें अवतार बटुक वामन भगवान के मंदिर को आम लोगों के लिए खोला जाएगा और इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पटना के बाद अब कोइलवर से बक्सर तक मैरिन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बक्सर के किला मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। बक्सर में हाल ही में सीमेंट प्लांट का उद्घाटन किया गया है और यहां देश का सबसे बड़ा कोल्ड ड्रिंक बॉटलिंग प्लांट भी स्थापित किया गया है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी