×

बिहार में ‘जंगलराज’ की वापसी नहीं होगी, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का विपक्ष पर हमला, विकास पर दिया जोर

 

नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार विकास शिखर सम्मेलन 2026 को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि इसमें नया बिहार देखने को मिल रहा है।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "आज देश में बिहार का बदलता माहौल देखने को मिल रहा है। हर किसी के दिल में, हर बिहारी के दिल में, अपने अतीत को लेकर एक शानदार इतिहास था, जिस पर देश को गर्व था। आज बिहार के उस इतिहास को दोहराने की जरूरत है। अतीत से वर्तमान को बेहतर बनाने की, बेहतर भविष्य बनाने की एक सफल कोशिश हो रही है।"

उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित बनाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे यहां के लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जा सके। जनता को भी पता है कौन उनके साथ खड़ा है। हर बिहारी को अपने अतीत से बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ना चाहिए। एनडीए सरकार का यही प्रयास है कि कैसे लोगों के भविष्य को बेहतर किया जा सके।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जंगलराज अब कभी नहीं आने वाला है। बिहार के लोग उस समय में कभी नहीं जाएंगे, जो समय विपक्ष के लोगों ने लाया था। बिहार अब विकास कर रहा है, जिससे जनता खुश है।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा, हर क्षेत्र में आज बिहार अपने आप पर गर्व महसूस कर रहे है। बिहार में डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है। पक्षपात नहीं किया जा रहा है। बिहार की पहचान आज नकारात्मक नहीं, बल्कि सकारात्मक हो रही है। इसके लिए सरकार की तरफ से खई पहल भी शुरू की है।

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "यह अब गांधी जी की कांग्रेस नहीं रही। यह विदेशी सोच वाली कांग्रेस है, जिसे देश से कोई प्यार नहीं है, जो राष्ट्रवाद से नफरत करती है। ये वही कांग्रेस है जो देश के लिए लड़ाई करती थी, आज देश के खिलाफ ही लड़ाई कर रही है। कांग्रेस की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।"

उन्होंने कहा कि आज जनता कांग्रेस को नकार रही है, जिससे वह खत्म हो रही है और कोई मुद्दा न होने पर ये लोग इस तरह का काम करते रहते हैं। कांग्रेस की सोच गंदी हो गई है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी