बिहार में हेली-टूरिज्म सेवा शुरू, 18 जुलाई से सप्ताहांत पर उड़ानें, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार : सम्राट चौधरी
पटना, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का दावा है कि टिकट पर अनुदान दिए जाने से आम लोग भी किफायती दरों पर हवाई पर्यटन का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब केवल इतिहास और आस्था की भूमि नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन के एक सशक्त केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत शुरुआती चरण में पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित की जाएंगी। 13 जुलाई से टिकटों की बुकिंग शुरू होगी, जबकि 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार को नियमित उड़ानें संचालित की जाएंगी। उन्होंने पर्यटन विभाग से एयर टूरिज्म का और विस्तार करने तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने का भी आग्रह किया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध की समृद्ध विरासत का केंद्र रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य इन ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना और अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है।
उन्होंने कहा कि सरकार होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांवों तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। नए पर्यटन सर्किट विकसित किए जा रहे हैं और पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी मॉडल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जेपी गंगा पथ से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे विकसित करने की परिकल्पना का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'समृद्ध बिहार' के विजन को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति देने के साथ बिहार को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पर्यटन नीति-2023 के तहत हितधारकों को डमी चेक तथा मुख्यमंत्री होम स्टे प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता तथा पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम