बिहार में कार से स्मैक बरामद, पश्चिम बंगाल के चार तस्कर गिरफ्तार
अररिया, 2 मई (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के चार तस्करों को एक किलोग्राम से अधिक स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर हैदर की बहन लीलो को मादक पदार्थ को एक बड़ी खेप पहुंचाने आ रहे हैं।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने नगर थाना अंतर्गत न्यू नरंगा ढाबा राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पक्की सड़क से मोहम्मद उमेर अली ( 21), मो. रोहित शेख (19 ), सबीरूल शेख ( 27) और सदिकुल (19) को एक कार से आने के क्रम में गिरफ्तार कर लिया। ये सभी लोग एक कार से आ रहे थे। पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली तो कार के डैस बोर्ड के टूल बॉक्स से स्मैक बरामद किया गया। गिरफ्तार सभी लोग पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालिया चक के रहने वाले बताए जाते हैं।
बताया गया कि सभी तस्कर मालदा से स्मैक लेकर पूर्णिया होते हुए अररिया पहुंच रहे थे। अररिया पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में स्मैक सप्लाई की प्रमुख कड़ी टूट गई है। उन्होंने कहा कि हैदर मालदा से बड़ी मात्रा में कच्ची स्मैक लाता था, जिसे यहां चार से पांच गुना बढ़ाकर बेचा जाता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में यह बड़ी सफलता मिली है।
एसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार चारों व्यक्ति मालदा से अररिया तक स्मैक सप्लाई करने वाले प्रमुख कैरियर माने जाते हैं। उक्त संबंध में अररिया थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इन सभी तस्करों ने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी